Jamshedpur : जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नंदूप गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। 65 वर्षीय सिदयू सोय की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिदयू सोय रोज की तरह सुबह करीब पांच बजे घर से शौच के लिए निकले थे। इस दौरान उन्हें रेलवे ट्रैक पार करना था। जैसे ही वे पटरी पार कर रहे थे, उसी समय तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेन की गति इतनी तेज थी कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि मौके पर ही मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर काफी जोरदार थी, जिससे सिदयू सोय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में गहरा दुख है। साथ ही रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।
Also Read : नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा, बिहार में नई सरकार के गठन की तैयारी तेज

