Ranchi : आगामी पर्व सरहुल, रामनवमी और ईद को देखते हुए रांची पुलिस ने शहर में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को रांची के नवीन पुलिस केंद्र में पीसीआर वाहन के चालकों और पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने की।
यह बैठक रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर आयोजित की गई, जिसमें शहर में अपराध पर अंकुश लगाने और त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए।
संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग के निर्देश
बैठक में सभी पीसीआर वाहन चालकों और पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शहर के संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। साथ ही सभी पीसीआर वाहनों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया, ताकि किसी भी घटना की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जा सके।

सूचना मिलते ही तुरंत पहुंचे घटनास्थल
ट्रैफिक एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी घटना की सूचना प्राप्त होते ही पीसीआर टीम बिना देरी किए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान छोटी सी लापरवाही भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी कर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने की आवश्यकता है।
बैंक, पेट्रोल पंप और ज्वेलरी दुकानों पर विशेष नजर
बैठक में यह भी कहा गया कि शहर के प्रमुख संस्थानों जैसे बैंक, पेट्रोल पंप, ज्वेलरी दुकान और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। इन स्थानों के आसपास नियमित पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
चौक-चौराहों और गलियों में बढ़ेगी पेट्रोलिंग
पुलिस पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे अधिक से अधिक भ्रमणशील रहें और शहर के सभी चौक-चौराहों के साथ-साथ गलियों में भी लगातार पेट्रोलिंग करें, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक के अंत में सभी पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत दी गई कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी भी कर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : छक्कों की बरसात और विकेटों की झड़ी : ओडीएम सफायर ने कैंब्रियन को 110 रन से हराया

