Ramgarh : रामगढ़ जिले में अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए माफिया तंत्र को सीधी चुनौती दे दी है। यह सिर्फ एक ऑपरेशन नहीं, बल्कि अवैध खनन के खिलाफ छेड़ा गया बड़ा अभियान माना जा रहा है। इस मेगा एक्शन में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार और जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन, वन विभाग और CCL की संयुक्त टीम ने मिलकर पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की कोशिश की।
गुप्त सूचना से शुरू हुई बड़ी कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, केदला नंबर-06 स्थित झारखंड ओसीपी क्षेत्र में लंबे समय से रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर अवैध खनन और तस्करी हो रही थी। वेस्ट बोकारो थाना प्रभारी दीपक कुमार को इसकी गुप्त सूचना मिली। इसके बाद मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा और फिर प्लान बनाकर यह बड़ी कार्रवाई की गई।
25 ड्रिल होल, 1250 किलो विस्फोटक… फिर जोरदार धमाका
जिला स्तरीय खनन टास्कफोर्स की बैठक में उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर कार्रवाई को अंतिम रूप दिया गया।
सबसे पहले अवैध खनन के मुख्य मुहाने पर 25 ड्रिल होल किए गए। इसके बाद करीब 1250 किलोग्राम विस्फोटक भरकर कंट्रोल ब्लास्टिंग की गई। धमाका इतना जोरदार था कि पूरा इलाका गूंज उठा और सालों से चल रहा अवैध खनन का रास्ता एक झटके में मलबे में बदल गया।
धमाके के बाद माफिया नेटवर्क ध्वस्त
ब्लास्ट के बाद अवैध खनन का पूरा गढ़ ध्वस्त हो गया। जिस रास्ते से कोयले की तस्करी हो रही थी, वह पूरी तरह बंद कर दिया गया।
यह कार्रवाई माफिया नेटवर्क के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।
पूरे इलाके को बनाया गया पुलिस छावनी
ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी, ताकि कोई भी तस्कर भाग न सके। कार्रवाई के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
एसपी की सख्त चेतावनी, तस्कर रहें सावधान
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने साफ शब्दों में कहा है कि अवैध कोयला खनन और तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून तोड़ने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
अवैध खनन के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि यह कार्रवाई सिर्फ एक मुहाना बंद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे अवैध नेटवर्क को खत्म करने की शुरुआत है। आने वाले दिनों में भी ऐसे ही सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र में अवैध खनन पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।
Also Read : रांची में डबल लूट, दो पेट्रोल पंप को बदमाशों ने बनाया निशाना

