Dibrugarh/Ranchi : हेमंत सोरेन ने सोमवार को असम विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर डिब्रूगढ़ में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की एक अहम बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक में आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। खास तौर पर आदिवासी, शोषित और वंचित समाज वाले क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ मजबूत करने पर जोर दिया गया।
हेमंत सोरेन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और क्षेत्रीय अस्मिता को मजबूत करने का ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से क्षेत्रवार रणनीति बनाकर जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा से शोषित और वंचित वर्गों की आवाज उठाने वाली पार्टी रही है और यही विचारधारा असम में भी पार्टी को मजबूत बनाएगी। बैठक में संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने सुझाव दिए और जमीनी स्तर पर काम करने के लिए रोडमैप प्रस्तुत किया।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुटता और अनुशासन के साथ चुनाव मैदान में उतरने का संकल्प लिया। बैठक में मंत्री चमरा लिंडा समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Also Read : असम में सीएम हेमंत ने भरी हुंकार, बोले- आदिवासी कमजोर नहीं, सत्ता बदलना जानते हैं

