उधार के रुपये को लेकर हुई थी इबरार अंसारी की ह’त्या, चार गिरफ्तार

Ranchi : रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। उधार के रुपये के विवाद में पीयूष उर्फ इबरार अंसारी की गोली मारकर हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में समीर अंसारी (पतरातु, रामगढ़), साहिल टुडू और राम मुर्मू (दोनों छापर बरवाटोली, बुढ़मू, रांची) और नरेश मरांडी (पचंडा, बड़कागांव, हजारीबाग) शामिल हैं। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। इस बात का खुलासा आज यानी शनिवार को रांची के रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने किया है। 

एसपी प्रवीण पुष्कर ने मीडिया को बताया कि बीते 30 दिसंबर को पतरातु थाना क्षेत्र के हफुआ गांव निवासी मो. एकराम ने बुढ़मू थाना में लिखित आवेदन दिया था। उन्होंने बताया था कि उनके भतीजे पीयूष उर्फ इबरार अंसारी की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। हत्या के बाद शव को सरईदाह करमबोहा नदी के पास रेलवे पुल के समीप रेलवे ट्रैक के नजदीक फेंक दिया गया था। इस आवेदन के आधार पर बुढ़मू थाना कांड संख्या 82/25 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर की देखरेख में खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर गहन जांच शुरू की। इसी दौरान 2 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली कि इस कांड में शामिल अपराधी छापर बरवाटोली इलाके में देखे गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर समीर अंसारी और साहिल टुडू को हबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More

एसपी ने बताया कि आरोपी समीर अंसारी ने पुलिस को दिये अपने बयान में खुलासा किया कि करीब छह महीने पहले उसने पीयूष उर्फ इबरार अंसारी से ढाई लाख रुपये उधार लिए थे। पीयूष अब उससे पैसे वापस मांग रहा था। वह दबाव बना रहा था, साथ ही अंजाम भुगतने की धमकी भी दे रहा था। इसी से परेशान होकर समीर ने अपने साथी साहिल टुडू और राम मुर्मू के साथ मिलकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी और शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया। पुलिस ने आगे की कार्रवाई में राम मुर्मू को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार नरेश मरांडी के घर से बरामद किए गए। नरेश मरांडी को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। वह हजारीबाग के बड़कागांव का रहनेवाला है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मैगजीन लगा देशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा, 7.56 बोर की पांच जिंदा गोलियां, 315 बोर की चार जिंदा गोलियां, पांच मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की है।

इस कांड का खुलासा करने में खलारी डीएसपी राम नारायण चौधरी, मांडर सर्किल इंस्पेक्टर जयप्रकाश राणा, बुढ़मू थाना के एसआई संजीव कुमार, प्रभाष कुमार रवानी, एएसआई रण विजय सिंह और अमृत मेहता की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

AD
Advertise With Us
Reach your target audience with premium placements
AD
Advertise With Us
Promote your brand to thousands of daily visitors
300x250 Learn More

Also Read : रांची में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 की शुरुआत, डीसी भजंत्री ने जागरूकता रथ को दिखायी हरी झंडी

Leave a Comment