Bhagalpur : भागलपुर के पीरपैंती प्रखंड परिसर में प्रस्तावित अदाणी पावर प्लांट के रेल कॉरिडोर और सड़क परियोजना को लेकर सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन (एसआईए) से संबंधित जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में प्रशासनिक अधिकारियों और एसआईए टीम ने स्थानीय रैयतों से बातचीत कर उन्हें भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया, मुआवजा व्यवस्था और परियोजना के उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विक्रम भास्कर झा, बीडीओ अभिमन्यु कुमार, बीएसपीजीसीएल के अधिकारी शशिकांत कुमार और दीपक कुमार के साथ एसआईए रिसर्च संस्थान के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर मसखूर हुसैन मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत बनने वाले रेल कॉरिडोर और सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया नियमानुसार की जाएगी और प्रभावित लोगों को सरकार द्वारा तय मुआवजा दिया जाएगा।
जनसुनवाई के दौरान कई रैयतों ने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और परियोजना से होने वाले प्रभाव को लेकर सवाल भी उठाए। अधिकारियों और एसआईए टीम ने उनके सवालों का जवाब देते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई और आश्वस्त किया कि सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएंगी।
अधिकारियों ने बताया कि पावर प्लांट से जुड़ी सड़क और रेल कॉरिडोर परियोजना के लिए करीब 146 एकड़ जमीन का अधिग्रहण प्रस्तावित है। इस अधिग्रहण से कुल 169 रैयतों की जमीन प्रभावित होगी। यह जमीन हरिणकोल, बंधु जयराम, बसंतपुर और नगर पंचायत पीरपैंती क्षेत्र में स्थित है।

जनसुनवाई में हरिणकोल गांव के वीरेंद्र सिंह और मुन्ना सिंह, बसंतपुर के अजय सिंह, कुंजवन्ना के जयंत सिंह, बलवंत सिंह, पंकज सिंह, सोनी सिंह, बमबम सिंह और रत्नेश सिंह समेत कई रैयत मौजूद रहे। इसके अलावा हीरानंद गांव के कांतेश कुंवर, बृजकिशोर कुंवर, शिवनारायण कुंवर और इंदु देवी, बंधु जयराम पंचायत के प्रभु यादव, शिवशंकर यादव, अंकुर कुमार, ब्रजकिशोर और फुलकुमारी देवी भी शामिल हुए।
नगर पंचायत पीरपैंती के निर्मल शाह, विजय कुमार साह, मो. शरीफ अंसारी, मो. महताब आलम और मो. शमीम सहित कई अन्य रैयतों ने भी जनसुनवाई में भाग लिया और अपनी बातें समिति के सामने रखीं।
इस मौके पर जनप्रतिनिधियों में हरिणकोल के सरपंच वरुण गोस्वामी सहित कई स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य परियोजना से प्रभावित लोगों की राय लेना और उनकी चिंताओं को समझना है, ताकि आगे की प्रक्रिया उसी आधार पर आगे बढ़ाई जा सके।
Also Read : गुमला में बच्चा चोर के शक में विक्षिप्त महिला की पीट-पीटकर ह’त्या, 8 आरोपी गिरफ्तार

