Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में लगभग 22 एंजेंडों पर चर्चा हुई और मंजूरी दी गई। आचार संहिता के कारण इस बैठक की प्रेस ब्रीफिंग नहीं की गई। सूत्रों की जानकारी के अनुसार, इस बैठक में शिक्षा, आवास, सड़क निर्माण और साइंस सिटी विकास जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
नर्सिंग छात्रों को बड़ी राहत
कैबिनेट ने प्राइवेट नर्सिंग कॉलेजों में नामांकित छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति देने का फैसला किया है। इससे उन छात्रों को बड़ी राहत मिली है, जो किसी कारणवश अब तक परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे।
नेतरहाट आवासीय विद्यालय में बदलाव
नेतरहाट आवासीय विद्यालय के संचालन में अब बदलाव किया गया है। अब इस विद्यालय के सभापति के लिए योग्यता निर्धारित कर दी गई है। निर्णय के अनुसार, सभापति के पास कला, संस्कृति, विज्ञापन, प्रबंधन या अन्य क्षेत्रों में कम से कम 10 साल का अनुभव होना आवश्यक है। विद्यालय के प्राचार्य, उप प्राचार्य, शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की नियुक्ति अब जेपीएससी या जेएसएससी के माध्यम से होगी। इस कदम से विद्यालय में चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी।
चाईबासा में अबुआ आवास निर्माण का प्रस्ताव स्थगित
चाईबासा क्षेत्र में अबुआ आवास निर्माण के प्रस्ताव को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। ग्रामीण विकास विभाग को नए सिरे से प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि निर्माण में स्थानीय लोगों के रहन-सहन और भवन निर्माण में स्थानीय मैटेरियल का उपयोग किया जाना चाहिए।
Also Read : होली से पहले रांची में कड़ा निरीक्षण, रेलवे स्टेशन के आसपास 15 दुकानों की जांच, 9 पर जुर्माना

