Barhi (Hazaribagh) : बरही थाना के पंचमाधव स्थित जीटी रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मैट्रिक परीक्षा देने जा रहे छात्रों से भरी एक मिनी बस ने पहले एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया और फिर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
बाइक सवार की मौके पर ही मौत
हादसे में बाइक सवार ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बरकट्ठा थाना क्षेत्र के चेचकपी गांव निवासी 55 वर्षीय जयप्रकाश मेहता (पिता–ननक मेहता) के रूप में हुई है। बताया गया कि जयप्रकाश मेहता अपने गांव चेचकपी से बाइक पर सवार होकर रोमी स्थित अपने नए घर जा रहे थे, तभी पंचमाधव के पास यह हादसा हो गया।
बस में सवार पांच परीक्षार्थी घायल
हादसे के बाद मिनी बस में सवार मैट्रिक परीक्षा देने जा रहे पांच छात्र भी घायल हो गए। सभी घायल छात्र डॉ. भीमराव अंबेडकर पब्लिक स्कूल, मलकोको के विद्यार्थी हैं, जो मिनी बस से मां विंध्यवासिनी बीएड कॉलेज, पदमा स्थित परीक्षा केंद्र जा रहे थे।
अस्पताल में इलाज के दौरान मची अफरा-तफरी
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल, बरही में भर्ती कराया गया। अस्पताल में घायलों के पहुंचते ही कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने तत्काल इलाज शुरू किया।
घायल छात्रों की पहचान
खालिद राजा (16) पिता–अब्दुल कुदुस,
जावेद अख्तर (16) पिता–मो. जब्बार,
फरहान राजा (17) पिता–हाशिम अंसारी,
इलियास आलम (15) पिता–कलीम अंसारी
और अमन पासवान (16) पिता–सकलदेव पासवान शामिल हैं।
तीन छात्रों की हालत गंभीर
डॉक्टरों के अनुसार, इनमें से तीन छात्रों की हालत गंभीर बनी हुई है, हालांकि सभी छात्र फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं और उनका इलाज जारी है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही बरही बीडीओ जयपाल महतो, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर और अनुमंडलीय अस्पताल के डीएस डॉ. प्रकाश ज्ञानी अस्पताल पहुंचे। साथ ही कई समाजसेवी और स्थानीय लोग भी इलाज व्यवस्था में सहयोग करते नजर आए।
पुलिस जांच में जुटी
सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर कुमार और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Also Read : बोकारो में हाथियों की आतंक : गांव में घुसकर दादा और पोते को कुचल डाला

