Shilong : मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले के ताशखाई क्षेत्र में गुरुवार को एक अवैध कोयला खदान में हुए जोरदार धमाके में कम से कम 16 मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे राहत अभियान आगे बढ़ेगा, मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घटनास्थल से मिले वीडियो में देखा गया कि खदान के पास मजदूर चीख-चीख कर मदद की गुहार लगा रहे थे। खदान के अंदर सैकड़ों मजदूर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार धमाका खदान के भीतर डायनामाइट के अवैध उपयोग के कारण हुआ। मौके पर भारी काला धुआं उठता दिख रहा है।
राहत और बचाव कार्य
गुवाहाटी स्थित एनडीआरएफ की प्रथम बटालियन ने तुरंत राहत और बचाव के लिए तीन टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया। एक टीम पहले से मेघालय में मौजूद थी, जबकि दो टीमें गुवाहाटी से घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। टीम का नेतृत्व बटालियन के कमांडर और डॉक्टर कर रहे हैं। मेघालय पुलिस ने भी तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और घटनास्थल पर कई टीमें तैनात कर दी गई हैं। पुलिस और राहत कर्मी खदान के आसपास मजदूरों और अन्य फंसे लोगों की खोज कर रहे हैं।
मृतक मजदूरों की पहचान
अब तक तीन मृतकों की पहचान हो चुकी है। वे असम के काटिगोरा क्षेत्र के निवासी हैं। मृतकों के नाम हैं : फारूक अहमद (बिहारा गांव), दिलदार हुसैन (कुरी गांव) और अनवर हुसैन। एसपी विकास कुमार ने बताया कि अभी तक 16 शव बरामद किए जा चुके हैं और खदान के अंदर और भी शव फंसे होने का डर है। स्थानीय लोग मौके पर जमा हैं, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी रोते हुए दिखाई दे रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि धमाके के कारण खदान में भारी नुकसान हुआ है और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
Also Read : उपमुखिया पति ह’त्याकांड में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद

