Patna : बिहार के पश्चिम चंपारण के कुमारबाग क्षेत्र में स्थित सेल की स्टील प्रोसेसिंग यूनिट गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। खराब हालत के कारण यूनिट के शीघ्र बंद होने की आशंका बढ़ गई है, जिससे स्थानीय लोगों की नौकरी पर खतरा मंडरा रहा है और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था पर भी दबाव बढ़ सकता है।
यह यूनिट 2007 में 50 एकड़ भूमि पर 127 करोड़ रुपये खर्च कर बनाई गई थी। 2009 में निर्माण पूरा होने के बावजूद 2012 में केवल एक बार ट्रायल रन किया गया और उसके बाद उत्पादन कभी शुरू नहीं हुआ। फरवरी 2019 में इसे औपचारिक रूप से चालू घोषित किया गया, लेकिन मशीनों की खराबी, प्रशिक्षित कर्मचारियों की कमी और बाजार में कमजोर मांग के कारण यहां काम आगे नहीं बढ़ सका।
लगभग 133 कर्मचारियों की नियुक्ति के बावजूद यूनिट का संचालन ठप रहा। अब मशीनों पर जंग लग चुकी है और इमारतें भी जर्जर हो रही हैं। ज्यादातर कर्मचारी लंबे समय से घर पर हैं, जिससे यूनिट बंद करने और कर्मचारियों को हटाने की चर्चाएँ तेज हो गई हैं।
बियाडा ने लीज़ शर्तों के उल्लंघन का हवाला देते हुए सेल को जमीन खाली करने का नोटिस भेजा है। यह भूमि 90 साल की लीज़ पर आवंटित की गई थी, लेकिन उपयोग न होने के चलते इसे रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। बियाडा अधिकारियों ने बताया है कि आगे की कार्रवाई पर जल्द निर्णय लिया जाएगा।

