Johar Live Desk : इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनेल सिलेक्शन (IBPS) ने देशभर के रीजनल रूरल बैंकों (RRBs) में क्लर्क और ऑफिसर समेत कई पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के तहत अब कुल 13,294 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। पहले यह संख्या 13,217 थी, जिसे बढ़ा दिया गया है।
भर्ती के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख पहले 21 सितंबर 2025 तय की गई थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 28 सितंबर 2025 कर दिया गया है। इच्छुक उम्मीदवार IBPS की आधिकारिक वेबसाइट ibpsreg.ibps.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इन पदों में ऑफिस असिस्टेंट (क्लर्क), ऑफिसर स्केल-I, ऑफिसर स्केल-II और III, आईटी, लॉ, सीए, एग्रीकल्चर, मार्केटिंग और ट्रेजरी मैनेजर जैसे पद शामिल हैं। भर्ती के लिए न्यूनतम योग्यता स्नातक रखी गई है, जबकि कुछ पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में डिग्री और अनुभव भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों का चयन प्रीलिम्स परीक्षा, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा का पैटर्न पद के अनुसार अलग-अलग होगा। क्लर्क के लिए दो चरणों में परीक्षा होगी जबकि ऑफिसर के लिए इंटरव्यू भी लिया जाएगा।
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आवेदन शुल्क ₹850 है, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए यह ₹175 रखा गया है।
इस भर्ती के जरिए चयनित उम्मीदवारों को ₹19,900 से ₹37,442 तक मासिक वेतन दिया जाएगा, साथ ही अन्य भत्तों का भी लाभ मिलेगा।
IBPS की यह भर्ती उन युवाओं के लिए एक अच्छा मौका है जो बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तारीख से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

