नई दिल्ली : बीजेपी नेताओं का एक दल रविवार को इलेक्शन कमीशन आफ इंडिया पहुंचा. जहां केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, निर्मला सीतारमण के अलावा कई बड़े नेता शामिल थे. इस दौरान पीयूष गोयल ने कहा, कांग्रेस और उनके इंडिया गठबंधन सहयोगियों के अलावा गैर सरकारी संगठनों के नेतृत्व में राजनीतिक दलों के एक वर्ग द्वारा भारत की चुनावी प्रक्रिया की अखंडता को कमजोर करने के लिए अपने स्तर पर प्रयास किए जा रहे है. इसी के मद्देनजर हमें आज ईसीआई से संपर्क करना पड़ा. उन्होंने कहा कि आज केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों से मुलाकात की. उनसे महत्वपूर्ण कदम उठाने की मांग की. जिसमें पहला यह कि हमने चुनाव आयोग से अनुरोध किया है कि मतगणना प्रक्रिया में शामिल प्रत्येक अधिकारी निर्धारित प्रक्रिया के सूक्ष्मतम विवरणों से पूरी तरह परिचित हो और सभी चुनाव आयोग प्रोटोकॉल का पूरी लगन से पालन करे. दूसरा, मतगणना और परिणामों की घोषणा के दौरान चुनावी प्रक्रिया की सुरक्षा सुनिश्चित करे. वहीं तीसरा, चुनावी प्रक्रिया को कमजोर करने के व्यवस्थित प्रयासों का संज्ञान ले और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे.
बीजेपी नेता पहुंचे चुनाव आयोग, मतगणना के दौरान सभी प्रोटोकॉल का पालन कराने की अपील

